उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ जायका वित्त पोषित उत्तराखंड एकीकृत औद्यानिक विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने नाबार्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने और प्रत्येक माह स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंच सके।
गणेश जोशी ने जायका परियोजना के अंतर्गत प्रदेश में पॉलीहाउस निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने मिशन एप्पल और सेब की अति सघन बागवानी योजना के तहत किसानों के लंबित भुगतान जल्द से जल्द जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि 526 करोड़ रुपये की जायका वित्त पोषित परियोजना के तहत नाबार्ड के माध्यम से टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों के 16 विकासखंडों में सेब, कीवी, अखरोट, मसालों सहित उच्च गुणवत्ता वाले फल एवं सब्जी क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। इस परियोजना का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना और आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित करना है।
कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं, ताकि किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
Reported By: Arun Sharma











Discussion about this post