परशुराम चौक पर स्कूटी विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को इस मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। टीम ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो, इसके लिए घटनास्थल को सील भी किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से वह चापड़ बरामद कर लिया है, जिससे सार्थक नामक युवक पर हमला किया गया था। इसे साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रख लिया गया है, जो कोर्ट में अहम सबूत साबित होगा।
सब इंस्पेक्टर दिनेश राणा ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों आयुष मित्तल और अनिरुद्ध गुप्ता निवासी गंगानगर को गिरफ्तार भी कर लिया है। सार्थक के मित्र राजा जायसवाल की तहरीर पर इन दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पकड़े गए आरोपियों को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेशी के लिए भेज दिया गया है। बता दें कि बीते शाम बनखंडी और गंगानगर के युवकों के बीच स्कूटी के लेनदेन को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी।
विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने चापड़ से हमला कर दिया, जिसमें सार्थक की अंगुलियां गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। घायल युवक का उपचार फिलहाल एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
सीओ नीरज सेमवाल के मुताबिक, शहर की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post