कांवड़ मेले के समापन के बाद अब पिरान कलियर में 758वां सालाना उर्स शुरू हो गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में बांटकर करीब 600 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
उर्स के दौरान जायरीनों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 24 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। वहीं जायरीनों के वाहनों के लिए 13 अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक अलग-अलग मार्गों से कलियर पहुंचने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा। इसके बाद जायरीनों के लिए आगे जाने की व्यवस्था की जाएगी।
एक किलोमीटर का क्षेत्र जीरो जोन
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दरगाह परिसर के आसपास एक किलोमीटर के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस के अनुसार 23 अगस्त से 28 अगस्त तक आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों को इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि 758वां सालाना उर्स अगले 10 से 15 दिनों तक चलने की संभावना है। उर्स को लेकर सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां करीब 600 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
उन्होंने बताया कि उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ भीड़ प्रबंधन और आपराधिक गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। बीडीएस टीम के साथ खोया-पाया सेल को भी सक्रिय किया गया है। जेबकतरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
उर्स में आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जिसके माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस और प्रशासन का दावा है कि बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि उर्स के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
शेखर चंद्र सुयाल (एसपी देहात)
Reported By: Praveen Bhardwaj











Discussion about this post