
ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार पर 24 घंटे के धरने पर बैठ गए हैं। विधायक बेहड़ नगला रेलवे स्टेशन पर बंद किए गए पैदल मार्ग को दोबारा खोलने और पंतनगर व किच्छा में रेलवे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। प्रशासन और रेलवे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रास्ता बंद होने से आम जनता की जान पर बन आई है।
ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय यानी रुद्रपुर कलेक्ट्रेट के बाहर इस वक्त सियासी पारा चढ़ा हुआ है। किच्छा से विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने समर्थकों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ डीएम कार्यालय के मेन गेट पर डेरा डाल दिया है और 24 घंटे के धरने का ऐलान कर दिया है। दरअसल, यह पूरा विवाद नगला रेलवे स्टेशन पर रेलवे द्वारा बंद किए गए पैदल रास्ते को लेकर है। रास्ता बंद होने से नगला, जवाहरनगर, बिंदुखत्ता और शांतिपुरी समेत आसपास के कई गांवों की आबादी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। हालात इतने खतरनाक हैं कि स्टेशन पर मालगाड़ियां खड़ी रहने के दौरान लोग अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रेन के डिब्बों के नीचे से निकलने को मजबूर हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को भी विधायक बेहड़ ने ग्रामीणों के साथ नगला रेलवे स्टेशन पर धरना देकर रेलवे अधिकारियों के रवैये पर गहरी नाराजगी जताई थी। उस समय उन्होंने प्रशासन को 25 नवंबर तक समस्या का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया था। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो विधायक बेहड़ ने अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर मोर्चा खोल दिया है। धरने पर बैठे लोग रेलवे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और जल्द समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थक कलेक्ट्रेट गेट पर डटे हुए हैं और प्रशासन के किसी बड़े अधिकारी के मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन देने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और रेलवे विभाग इस गंभीर जनसमस्या पर क्या कदम उठाता है या फिर यह आंदोलन और उग्र रूप लेता है।
तिलक राज बेहड़ – किच्छा विधायक
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post