जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर से हुई। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
गणेश जोशी ने किया शिविर का शुभारंभ
बहुउद्देशीय जन शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आमजन को दी जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण कर उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान मंत्री ने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित कीं।
28 से अधिक शिकायतें सुनीं, कई का मौके पर निस्तारण
शिविर में गणेश जोशी ने ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं स्वयं सुनीं। इनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र से क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं, खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण और पुरकुल गांव में यातायात सुविधा के लिए बस संचालन की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई। बस संचालन के मामले में आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वयं सहायता समूह की सदस्य को चार लाख का चेक
शिविर के दौरान कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इसके अलावा उद्यान विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य, उद्यान समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बहुउद्देशीय जन शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जनपद में भी यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पुरकुल गांव में आयोजित जन शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post