
दीपावली की पूर्व संध्या पर लघु व्यापार एसोसिएशन से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रथम वेंडिंग जोन परिसर में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर एक-दूसरे को मिठाई और मिट्टी के दीपक वितरित किए गए। इस दौरान सभी ने पटाखों का बहिष्कार कर दीप जलाकर रोशनी का पर्व मनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने सभी लघु व्यापारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली रोशनी, खुशहाली और आपसी सौहार्द का पर्व है। इसे दीपमालाएं जलाकर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी व्यापारियों से पटाखों से दूरी बनाकर पारंपरिक तरीके से दीपावली मनाने की अपील की।
इस दौरान संजय चोपड़ा ने आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेला प्रशासन और नगर निगम की ओर से विकसित किए गए सभी वेंडिंग जोन के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही कुंभ मेले की आवश्यकताओं को देखते हुए मेला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से चार नए वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन नए वेंडिंग जोन के माध्यम से लगभग 500 परिवारों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे। केंद्र और राज्य सरकार के संरक्षण में लघु व्यापारियों को रोजगार उपलब्ध कराने की यह पहल सराहनीय है। इससे छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान मिलने के साथ उनकी आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post