दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने देहरादून के गांधी पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की निंदा की और इसे छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया।
प्रदर्शन के दौरान SFI के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को अपनी बात रखने का अधिकार है और उस पर लाठीचार्ज किया जाना पूरे छात्र समुदाय के लिए चिंता का विषय है।
SFI ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
प्रदर्शन के बाद SFI कार्यकर्ता गांधी पार्क से डीएम कार्यालय की ओर कूच के लिए रवाना हुए। संगठन ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की। ज्ञापन में छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और घटना की जांच की मांग की गई।
कूच को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। गांधी पार्क से डीएम कार्यालय तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
SFI ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की आवाज को इसी तरह दबाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post