चारधाम यात्रा के अंतर्गत श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने जा रहे हैं। परंपरानुसार श्री गंगोत्री धाम के कपाट 22 अक्टूबर (बुधवार) को पूर्वाह्न 11:36 बजे अन्नकूट पर्व के अवसर पर बंद कर दिए जाएंगे, जबकि श्री यमुनोत्री धाम के कपाट 23 अक्टूबर (गुरुवार) को भैयादूज के दिन अपराह्न 12:30 बजे बंद होंगे।
कपाट बंद होने से पूर्व दोनों धामों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपोत्सव के आयोजन चल रहे हैं। श्री गंगोत्री धाम से गंगा जी की उत्सव मूर्ति को डोली में बिठाकर मुखवा गांव स्थित गंगा मंदिर लाया जाएगा, जहां वे शीतकाल भर विराजमान रहेंगी। इसी प्रकार श्री यमुनोत्री धाम से यमुना जी की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव के यमुना मंदिर में प्रतिष्ठित की जाएगी।
गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर समितियों ने कपाटबंदी की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिरों सहित मुखवा और खरसाली स्थित शीतकालीन मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
इस वर्ष के यात्राकाल में अब तक कुल 14,02,128 तीर्थयात्री दोनों धामों में पहुंचे, जिनमें 7,57,762 श्रद्धालु गंगोत्री धाम और 6,44,366 श्रद्धालु यमुनोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। कपाटबंदी के साथ ही इन दोनों धामों की यात्रा का वर्तमान सत्र विधिवत रूप से संपन्न हो जाएगा।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post