
उत्तरकाशी पुलिस ने चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के बीच नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत, नौगांव बैरियर पर पुलिस टीम ने दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण और थाना पुरोला के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिकेंदर उर्फ सिकू (31 वर्ष) निवासी कंसोला और अक्षय (22 वर्ष) निवासी मुंगरा गांव के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 4.09 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी सिकेंदर पहले भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद से पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी।
पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
Reported By: Gopal Nautiyal













Discussion about this post