खेल महाकुंभ 2025 के अंतर्गत विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का मंगलवार को गंगोत्री और पुरोला विधानसभा क्षेत्रों में विधिवत शुभारम्भ किया गया। गंगोत्री विधानसभा की प्रतियोगिताओं का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने किया, जबकि पुरोला में विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ विधायक पुरोला द्वारा किया गया। गौरतलब है कि जनपद में 23 दिसम्बर से न्याय पंचायत स्तर से खेल महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को ई-कल्चर से निकालकर खेल मैदान तक लाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायत स्तर से खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रदेश को बेहतर खिलाड़ी मिल सकें। विधायक चैम्पियनशिप और सांसद चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए सरकार द्वारा पुरस्कारों की घोषणा भी की गई है। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए।

क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप राणा ने बताया कि विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, मुर्गा झपट और पिट्टू सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। अंडर-14 बालिकाओं की एथलेटिक्स 60 मीटर दौड़ में खुशीपाल ने प्रथम, शिया ने द्वितीय और गुंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 600 मीटर दौड़ में पलक कालरा, पूजा और दिव्यांशी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में खुशीपाल, नंदिनी और सुहानी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post