
खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और एनआईएम के प्रधानाचार्य एसएस राजपुरोहित ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की ओपन महिला प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं। खेल महाकुंभ के तहत पहली बार उत्तरकाशी में राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
अनुशासन और एकाग्रता है स्पीड क्लाइंबिंग की पहचान
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि खेल महाकुंभ के तहत उत्तरकाशी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन और एकाग्रता की भी अहम भूमिका होती है। खिलाड़ियों को पूरे समर्पण और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए।
अगले कदम पर रखें नजर, असफलता से न डरें: डीएम
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह फोकस, मानसिक मजबूती, एकाग्रता और सेकंड के सौवें हिस्से में सही निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा है।
उन्होंने कहा कि इस खेल से जीवन की तीन महत्वपूर्ण सीख मिलती हैं। पहली, नजर हमेशा अगले कदम पर रखनी चाहिए। दूसरी, गिरने से कभी नहीं डरना चाहिए और तीसरी, दूसरों से नहीं बल्कि खुद से मुकाबला करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगिता को बेहतर और सार्थक बनाना खिलाड़ियों के हाथ में है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस खेल में हिस्सा लेने वाला हर खिलाड़ी विजेता है। असली विजेता केवल वह नहीं होता जो पदक जीतता है, बल्कि वह भी होता है जो ऊंची दीवार को देखकर उसे फतह करने के लिए पहला कदम उठाता है।
ओलंपिक स्तर का खेल है स्पीड क्लाइंबिंग
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य एसएस राजपुरोहित ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग ओलंपिक स्तर का खेल है और उत्तराखंड में इस खेल की बेहतर संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में पर्वतारोहण और स्पीड क्लाइंबिंग जैसे खेलों को प्रोत्साहित करना तथा उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
Reported By: Gopal nautiyal












Discussion about this post