
त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए दून पुलिस ने अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 29 वाहन चालकों और 61 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुकानदारों पर कुल 2 लाख 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों ने व्यस्ततम मार्गों, मुख्य बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरान नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने, फुटपाथों पर सामान रखने और दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर लोगों की आवाजाही बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
29 वाहन चालकों के काटे चालान
अभियान के दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वाले 29 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी।
61 दुकानदारों पर कार्रवाई, 2 लाख रुपये से अधिक जुर्माना
सड़क किनारे, सार्वजनिक मार्गों और दुकानों के बाहर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 19 दुकानदारों के विरुद्ध धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 1.90 लाख रुपये का जुर्माना किया गया। वहीं, 42 दुकानदारों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इस तरह दोनों श्रेणियों में कुल 61 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,00,500 रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस की कार्रवाई रहेगी जारी
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और दुकानों के बाहर या फुटपाथों पर सामान रखकर आवागमन बाधित न करें। पुलिस ने लोगों से त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
Shiv narayan













Discussion about this post