विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी और सरोवरों की नगरी नैनीताल में इन दिनों असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। शहर की शांत और सभ्य पहचान पर लगातार हो रही घटनाएं सवाल खड़े कर रही हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि छोटी-छोटी बातों पर मारपीट, गाली-गलौज और विवाद की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
ताजा मामला शहर के मेविला, जिला पंचायत, सीमेंट हाउस और जीवाजी कॉटेज सहित आसपास के क्षेत्रों का है, जहां स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्व मकानों की छतों पर पथराव कर रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पथराव की घटनाओं के चलते लोग रातभर जागकर स्वयं निगरानी करने को मजबूर हैं। कई लोग पुलिस की तरह गश्त भी कर रहे हैं, लेकिन अब तक पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों ने कुमाऊं आयुक्त, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा पथराव की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्रवासी जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि शहर में फिर से शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post