
हरिद्वार में अतिक्रमण के नाम पर हो रही कार्रवाई के विरोध में रेड़ी-पटरी और लघु व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। संजय चोपड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने तुलसी चौक से नगर निगम प्रांगण तक पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी की और नगर निगम कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उत्तराखंड नगरी फेरी नीति के तहत सभी लाइसेंसधारी स्ट्रीट वेंडर्स को निर्धारित स्थानों पर स्वरोजगार करने की अनुमति दी जाए। उनका आरोप है कि नगर निगम द्वारा बिना वैकल्पिक व्यवस्था के सामान जब्त करना और व्यापारियों को हटाना उनके अधिकारों का उल्लंघन है।
संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2012 में चिन्हित 15 वेंडिंग जोन में 2018 से पंजीकृत व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से बसाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कार्रवाई प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना, नगरीय फेरी नीति और राष्ट्रीय आजीविका मिशन के नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो 2 मई से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। व्यापारियों ने नगर निगम से फेरी समिति की बैठक बुलाकर समाधान निकालने की भी मांग की है।
लघु व्यापार एसो प्रांतीय अध्यक्ष, संजय चोपड़ा
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post