
विकासखंड थराली के कुलसारी क्षेत्र में जंगली जानवर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगली जानवर अब तक चार मवेशियों को अपना निशाना बना चुका है। ताजा मामला झिंझौली डोबा (भटियाणा) गांव का है, जहां बृहस्पतिवार रात जंगली जानवर ने अवतारी राम की गौशाला में घुसकर गाय पर हमला कर दिया। शुक्रवार सुबह जब अवतारी राम गौशाला पहुंचे तो गाय को घायल अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में यह इस तरह की चौथी घटना है। इससे पहले झिंझोली गोपाल सिंह कंडारी के दो बैलों पर हमला किया गया था, जबकि आलकोट गांव में खीम सिंह कंडारी का एक बैल जंगली जानवर का शिकार हुआ था। बताया जा रहा है कि हमलावर जानवर ने गौशाला को ऊपर से तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मवेशी पर हमला किया। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के पशुपालकों में भय का माहौल बना हुआ है।
हालांकि अभी तक किसी ने भी हमलावर जानवर को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले भालू ने किए हैं या किसी अन्य जंगली जानवर ने। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की टीम पूर्व में भी करीब एक सप्ताह तक लगातार क्षेत्र में पहुंचकर निगरानी करती रही थी। वहीं, घटना के बाद वन विभाग की ओर से प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है। लगातार मवेशियों पर हो रहे हमलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, हमलावर जंगली जानवर की पहचान करने और पशुपालकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post