प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्रत्येक विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर सभी ब्लॉकों में ये सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने बताया कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार अपग्रेड कर रही है, ताकि आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विकासखंड स्तर पर अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
वर्तमान में प्रदेश के 95 विकासखंडों में 84 एक्स-रे मशीन और 47 अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जहां ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां भी जल्द मशीनें स्थापित की जाएं। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को उप जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मशीनों की स्थापना के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चमोली, देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी सहित कई जिलों के विकासखंडों में नई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही सभी चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की नियुक्ति कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post