इसे भी पढ़ें
कॉर्बेट नेशनल पार्क और उसके आसपास का क्षेत्र वन्यजीवों के साथ-साथ पक्षियों की समृद्ध विविधता के लिए भी विश्वभर में प्रसिद्ध है। इसी क्रम में इन दिनों कॉर्बेट क्षेत्र में एक बेहद आकर्षक और दुर्लभ पक्षी लॉन्ग टेल मिनिवेट (Long-tailed Minivet) दिखाई दिया है, जिसने पक्षी प्रेमियों और पर्यटकों का ध्यान खींचा है।
वन्यजीव प्रेमी संजय छिम्वाल के अनुसार, कॉर्बेट और इसके आसपास के जंगलों में अब तक 600 से अधिक पक्षी प्रजातियाँ दर्ज की जा चुकी हैं। हाल ही में देखा गया लॉन्ग टेल मिनिवेट अपनी खूबसूरती और चटख रंगों के कारण खास पहचान रखता है। यह पक्षी आमतौर पर पेड़ों की ऊँची चोटियों पर रहना पसंद करता है और इसका मुख्य भोजन कीड़े-मकोड़े होते हैं, जिससे यह जंगल के पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि इस पक्षी में नर और मादा के रंग-रूप में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। नर का रंग चटक लाल होता है, जबकि मादा हल्के पीले-हरे रंग की होती है। कॉर्बेट क्षेत्र में मिनिवेट समेत हॉर्नबिल, बार्बेट और वुडपेकर जैसे कई पक्षी दुर्लभ श्रेणी में शामिल हैं, जिनकी विशेष निगरानी सूची बनाई जाती है।
कॉर्बेट में लॉन्ग टेल मिनिवेट का दिखना इस बात का संकेत है कि यहाँ का जंगल आज भी सुरक्षित, संतुलित और जैव विविधता से भरपूर है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिहाज़ से एक बेहद सकारात्मक संदेश देता है।
संजय छिम्वाल,
पक्षी प्रेमी












Discussion about this post