वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के ब्रैंडिस रोड स्थित फॉरेस्टर मेमोरियल में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत वन शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए शहीद हुए वन कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।
फॉरेस्टर मेमोरियल पर महानिदेशक वन एवं विशेष सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सुशील कुमार अवस्थी, आईसीएफआरई की महानिदेशक कंचन देवी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (IGNFA) के निदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद खजूरिया, भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के निदेशक डॉ. गोविंद सागर भारद्वाज और वन अनुसंधान संस्थान (FRI) के निदेशक डॉ. सुधीर कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
इस दौरान आईसीएफआरई और एफआरआई के वरिष्ठ अधिकारी एवं वैज्ञानिक, आईजीएनएफए के प्रोबेशनर्स तथा केंद्रीय राज्य वन सेवा अकादमी (CASFoS) के प्रशिक्षुओं ने भी फॉरेस्टर मेमोरियल पर पुष्प अर्पित कर वन शहीदों को नमन किया।
राष्ट्रीय वन शहीद दिवस वन कर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता की याद दिलाता है। यह दिवस उन वीर वन कर्मियों के अमूल्य योगदान को रेखांकित करता है, जिन्होंने देश के वनों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अपने जीवन तक का बलिदान दे दिया।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post