
दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो वांछित बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे थे, जिसमें दो लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपियों ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित थे। घटना में दो लोग घायल हुए थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है तथा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
दून पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post