
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (यूकेडी) ने रविवार को देहरादून के बालावाला में अपने नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी की ओर से ‘यूकेडी विजन 2027’ जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव और राज्य के समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी थीं और अब पार्टी को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है।
सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन का नेतृत्व करने वाला दल आज एक बार फिर जनता के बीच मजबूत होकर उभर रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के भविष्य और मूल मुद्दों को लेकर आमजन दोबारा यूकेडी के साथ जुड़ रहा है। उनके अनुसार यह उत्तराखण्ड के हितों और भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए डोईवाला क्षेत्र से जनसंवाद अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनना और ‘विजन 2027’ के माध्यम से अपनी नीतियों, योजनाओं और विचारों को जनता तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि जनसंवाद अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत किया जाएगा और उत्तराखण्ड से जुड़े मूल मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सुरेन्द्र कुकरेती, केंद्रीय अध्यक्ष, उत्तराखण्ड क्रान्ति दल
संजय चौधरी, कार्यक्रम आयोजक
Reported By: Shiv Narayan













Discussion about this post