उत्तरकाशी: कंडार देवता तथा हरि महाराज के सानिध्य में उत्तरकाशी का सुप्रसिद्ध माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) इस वर्ष भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। मेले के आयोजन को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष उत्तरकाशी रमेश चौहान ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि 14 जनवरी से माघ मेले के कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें छोटे से छोटे कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मंच आस्था और प्रतिभा का संगम है, जहाँ सभी वर्गों के लोगों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि मेले में स्थानीय लोगों की भारी रुचि देखने को मिल रही है, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है और क्षेत्र की पहचान को मजबूती मिली है।
आर्थिक लाभ की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारी, कारीगर और स्वयं सहायता समूहों को सीधा लाभ मिल रहा है। बागवानी व्यापार की बात करें तो माल्टा उत्पादन से स्थानीय लोगों को 4 से 5 हजार रुपये तक की आय हो रही है, जो एक सकारात्मक पहल है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन से महिला स्वयं सहायता समूह भी लाभान्वित हो रहे हैं, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से मेले को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव देने की अपील भी की।
रमेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष उत्तरकाशी
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post