
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 23 से 25 मार्च 2026 तक “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में होगा, जबकि 24 और 25 मार्च को ब्लॉक स्तर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रमों में सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करना, चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कैंप, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। साथ ही स्वच्छता अभियान को भी बड़े स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post