उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। पिछले 24 घंटों में कुमाऊं के कई हिस्सों और गढ़वाल में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई है।
26 और 27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार 26 और 27 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रह सकता है। कुमाऊं मंडल के चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।
वहीं गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में भी कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
ऑरेंज और रेड वार्निंग जारी
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए 26 और 27 सितंबर के लिए संबंधित जिलों को ऑरेंज और रेड वार्निंग में रखा गया है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बारिश का यह दौर 27 सितंबर की शाम तक जारी रह सकता है। इसके बाद 28 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता की जरूरत
भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदियों-नालों के जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रह सकती है। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
रोहित थपलियाल ,मौसम वैज्ञानिक
Reportede By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post