
उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले में बुधवार को विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। मेले के तहत क्रेता-विक्रेता बैठक, कार्यशाला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शामिल हुए।
मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना, ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों से है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर विकसित हों और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहचान बढ़ाने में मिनी सरस मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में एमडीएस और एल्पाइन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से उत्तरकाशी की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक पेश की।
मेले में जनपद के सभी छह विकासखंडों के स्वयं सहायता समूहों की ओर से कृषि एवं गैर-कृषि उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री, फल प्रसंस्करण उत्पादों और हस्तशिल्प के स्टॉल लगाए गए हैं। गढ़भोज का विशेष स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। क्रेता-विक्रेता बैठक में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और बाजार से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच संवाद हुआ। इसमें स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को बेहतर बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
जोशियाड़ा में युवाओं ने दिखाई साहसिक खेलों में रुचि
इसी क्रम में बुधवार को जोशियाड़ा में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने के साथ जनपद में एडवेंचर टूरिज्म को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
Reported By: Gopal Nautiyal












Discussion about this post