रुड़की के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। विधायक ने प्रेसवार्ता कर दावा किया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में करीब 4,000 लोगों के वोट काटे जाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने इसे लेकर गहरी चिंता जताते हुए पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए।
वीरेंद्र जाति ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर लोगों के वोट गलत तरीके से काटे जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्हें चाहे कोई भी रास्ता अख्तियार करना पड़े, लेकिन वह क्षेत्र की जनता के वोट किसी भी कीमत पर नहीं कटने देंगे।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विधानसभा क्षेत्र की जनता में भी चिंता और भय का माहौल है। कई लोग अपने नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका को लेकर परेशान हैं। विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया को लेकर घबराएं नहीं और अपने मताधिकार को लेकर जागरूक रहें।
वीरेंद्र जाति ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसका अधिकार है और किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
विधायक के इन आरोपों के बाद एसआईआर प्रक्रिया को लेकर झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। अब पूरे मामले में प्रशासन और चुनाव आयोग की ओर से क्या स्पष्टीकरण सामने आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
वीरेंद्र जाती (झबरेड़ा विधायक )
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post