
हरिद्वार। खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। एक ही पंडाल में विभिन्न धर्मों की बेटियों का विवाह और निकाह कराया गया। आयोजन में कुल 265 जोड़ों ने नए जीवन की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों लोग दूर-दराज से पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में गायक बी प्राक, मासूम शर्मा, मीका सिंह, अल्तमश, आचार्य बालकृष्ण, शेरा और अवध ओझा समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे आचार्य बालकृष्ण ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक साथ 251 निर्धन बेटियों का विवाह और निकाह कराना बेहद सराहनीय पहल है। इसके लिए विधायक उमेश कुमार शर्मा बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि किसी विधायक की ओर से एक हजार से अधिक बेटियों के विवाह कराने का सिलसिला अपने आप में उल्लेखनीय है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि कुछ लोग ऐसे सामाजिक आयोजनों में भी कमियां निकालते हैं। उन्हें आलोचना करने के बजाय आगे आकर इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को मदद मिल सके।
वहीं, खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि आज का दिन उनके लिए ऐतिहासिक है। एक ही पंडाल में अलग-अलग धर्मों की बेटियों के विवाह और निकाह संपन्न कराना सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी में आर्थिक और सामाजिक सहयोग देना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और किसी बेटी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, समारोह के लिए 251 शादियों का पंजीकरण किया गया था, लेकिन अंततः एक ही पंडाल में कुल 265 शादियां और निकाह संपन्न कराए गए। आयोजन की लोगों ने जमकर सराहना की और इसे सामाजिक समरसता, एकता और सेवा की मिसाल बताया।
आचार्य बालकृष्ण शास्त्री
उमेश कुमार विधायक खानपुर
Reported By: Praveen bhardwaj













Discussion about this post