
विकासनगर क्षेत्र के छोटूवाला/मलूकावाला स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को 112 के माध्यम से केंद्र में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। हालांकि, मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. आदित्य तिवारी ने बताया कि 112 के माध्यम से मलूकावाला/छोटूवाला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी एकत्र की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल व्यक्ति की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. आदित्य तिवारी
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post