सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वीकेंड और सोमवती अमावस्या के विशेष संयोग के चलते सोमवार तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह करीब तीन बजे से ही हर की पौड़ी सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जो पूरे दिन जारी रहा।
पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। प्रमुख घाटों, बाजारों और संपर्क मार्गों पर लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही, जिससे पूरे शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने रातभर ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को छह सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारियों और पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सुरक्षा के मद्देनजर जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, अभिसूचना इकाई तथा सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं। इसके अलावा घाटों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।
प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post