सहसपुर के बैरागीवाला गांव में हुए हत्याकांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि देहरादून में एक और सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आ गई। इस बार मामला थाना पटेलनगर क्षेत्र के शिमला बायपास स्थित बुड्ढी गांव का है, जहां एक सगे भाई पर अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
घटना देर रात की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वारदात की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
देहरादून पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के मात्र एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की संभावना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र डोभाल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया है और क्षेत्र में दहशत एवं चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post