
आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेण्डरों की बढ़ती मांग को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने भारत सरकार से अतिरिक्त सिलेण्डरों के आवंटन की मांग करने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो।
सचिव आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ बैठक में आपूर्ति, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए हैं कि गैस की आपूर्ति हर हाल में सुचारू और निर्बाध बनी रहे।
विभाग के अनुसार, अप्रैल से नवंबर 2026 के बीच प्रदेश में करीब 9.67 लाख कमर्शियल गैस सिलेण्डरों की जरूरत का आकलन किया गया है। इसे देखते हुए अग्रिम स्टॉक और बेहतर लॉजिस्टिक व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है।
साथ ही कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग पर सख्ती बरतते हुए अब तक 16 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 7 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
Reported By: Arun sharma













Discussion about this post