
देहरादून में मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सघन रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में यह अभियान आईएसबीटी, मेहुवाला, मिट्ठूवाला, टर्नर रोड और शिमला बाईपास सहित अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान वाहनों की हेडलाइट, फॉग लाइट, वाइपर, रिफ्लेक्टर, टायरों की स्थिति और हॉर्न की जांच की गई। जांच में कई वाहनों में तकनीकी खामियां पाई गईं। इसके अलावा मॉडिफाइड प्रेशर हॉर्न और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए।
संयुक्त अभियान में परिवहन विभाग के चारों प्रवर्तन दलों ने हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 105 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।
आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि आईएसबीटी क्षेत्र में रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात में बाधा डालते हैं और दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ अनिता चमोला आरटीओ प्रवर्तन
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post