योग शिक्षा, अनुसंधान, वेलनेस और वैश्विक स्तर पर योग के प्रसार को बढ़ावा देने के लिए हार्टफुलनेस एजुकेशनल ट्रस्ट (HET) और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता पांच वर्ष की अवधि के लिए किया गया है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान आयुष मंत्रालय के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप योग शिक्षा, अनुसंधान, वेलनेस और आउटरीच से जुड़ी विभिन्न पहलों को संयुक्त रूप से तैयार, लागू और बढ़ावा देंगे। इसके लिए MDNIY की शैक्षणिक एवं नीतिगत विशेषज्ञता और हार्टफुलनेस की कार्यान्वयन क्षमता, ध्यान संबंधी विशेषज्ञता तथा वैश्विक नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा।
इन क्षेत्रों में होगा संयुक्त कार्य
MoU के तहत दोनों संस्थानों के बीच थीम आधारित वेलनेस कार्यक्रम, स्कूल योग शिक्षा, राष्ट्रीय एवं वैश्विक आउटरीच, दिव्यांगजनों सहित विशेष समूहों के लिए योग कार्यक्रम, इंटर्नशिप और युवा कौशल विकास, नशा मुक्त भारत अभियान तथा योग संग्रहालय की स्थापना जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।
हार्टफुलनेस के 150 से अधिक देशों में मौजूद केंद्रों और साधकों के नेटवर्क के माध्यम से आयुष समर्थित आउटरीच एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय सांस्कृतिक केंद्रों, दूतावासों और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के माध्यम से योग एवं वेलनेस कूटनीति से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
स्कूलों में योग शिक्षा पर विशेष जोर
दोनों संस्थान स्कूलों के लिए योग अभ्यास और योगिक जीवनशैली से जुड़े कार्यक्रम विकसित करेंगे। इन कार्यक्रमों को CBSE, ICSE, NCERT और AYUSH के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
शिक्षकों के लिए कार्यशालाएं और संयुक्त प्रमाणित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही योग के वैज्ञानिक और अनुभवात्मक पहलुओं को शामिल करते हुए क्षेत्र विशेष के लिए शैक्षणिक सामग्री भी विकसित की जाएगी।
दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष कार्यक्रम
समझौते के तहत दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और अन्य दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के संचालन के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित कर उन्हें संयुक्त मान्यता प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा हार्टफुलनेस ध्यान सत्रों को MDNIY के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल किया जाएगा। MDNIY केंद्रों पर हार्टफुलनेस ध्यान को नियमित रूप से उपलब्ध कराने की योजना है।
युवाओं को इंटर्नशिप और कौशल विकास का अवसर
साझेदारी के तहत MDNIY के छात्रों को हार्टफुलनेस के योग और वेलनेस केंद्रों में इंटर्नशिप के अवसर मिलेंगे। युवा सशक्तिकरण कार्यक्रमों के माध्यम से योग प्रशिक्षण, नेतृत्व और सामुदायिक सेवा को जोड़ा जाएगा। युवा योग पेशेवरों के लिए कौशल-प्रमाणन मॉड्यूल भी तैयार किए जाएंगे।
दोनों संस्थान नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संयुक्त योग और वेलनेस गतिविधियों का संचालन करेंगे। इसके साथ ही कान्हा शांति वनम में योग संग्रहालय की स्थापना में भी सहयोग किया जाएगा।
160 देशों में मौजूद है हार्टफुलनेस का नेटवर्क
हार्टफुलनेस के अनुसार, उसकी गतिविधियां दुनिया के 160 देशों में 5,000 से अधिक केंद्रों के माध्यम से संचालित होती हैं। संगठन के अनुसार, हजारों प्रमाणित स्वयंसेवी प्रशिक्षक और लाखों साधक इसकी गतिविधियों से जुड़े हैं।
कार्यक्रम के दौरान MDNIY और CCYRN की निदेशक डॉ. ज्योति केसवानी तथा MDNIY के कार्यक्रम निदेशक डॉ. ईश्वर आचार्य ने हार्टफुलनेस के ग्लोबल गाइड रेव. दाजी की उपस्थिति में MoU का अनावरण किया।
डॉ. ज्योति केसवानी ने कहा कि यह साझेदारी वैश्विक योग कार्यक्रमों के समन्वय, शैक्षणिक कैलेंडर तैयार करने, संयुक्त प्रमाणन, शोध, डेटा विश्लेषण और शोध निष्कर्षों के प्रसार में मदद करेगी।
वहीं हार्टफुलनेस के ग्लोबल गाइड रेव. दाजी ने कहा कि योग शरीर, मन और हृदय में सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के जरिए योग और ध्यान के लाभों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा स्वस्थ और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण की दिशा में काम किया जाएगा।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post