
उत्तराखंड की बेटी कुमारी अनीशा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित रेड रन मैराथन 3.0 में महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा नागालैंड के दीमापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सैकड़ों धावकों ने भाग लिया।
चमोली जनपद के लुन्तरा गांव की अनीशा ने 10 किलोमीटर की दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक, प्रशस्ति पत्र और ₹50,000 की पुरस्कार राशि प्राप्त की। सचिव, स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार ने अनीशा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है।
राज्य स्तर पर आयोजित रेड रन 3.0 में 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अनीशा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता की नींव रखी थी। उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
अनीशा की यह उपलब्धि न केवल चमोली जिले बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रदेश की बेटियाँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से देश का मान बढ़ा रही हैं।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post