स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित कोटे के फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के मामले में देहरादून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना रायपुर और थाना क्लेमेंट टाउन में दर्ज मामलों की जांच के दौरान एसआईटी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने धीरज श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के वाहन की तलाशी ली तो उसमें से करीब 5.58 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद रकम उसे रूपेश पंडित की ओर से दी गई थी। आरोपी के अनुसार यह रकम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से कुछ छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने के एवज में कमीशन के तौर पर दी गई थी।
फर्जी दस्तावेजों से दाखिले की कोशिश का मामला
पुलिस के मुताबिक थाना रायपुर और क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में अलग-अलग अभ्यर्थियों ने कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए थे। जांच के दौरान अभ्यर्थियों की ओर से उपलब्ध कराए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
नवीनतम कार्रवाई में धीरज श्रीवास्तव की गिरफ्तारी और उसके वाहन से लाखों रुपये की बरामदगी के बाद पुलिस अब फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कराने, छात्रों को कथित तौर पर MBBS में दाखिला दिलाने और पैसों के लेनदेन से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
परमेंद्र डोबाल एसएसपी देहरादून
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post