हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमले की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता के चलते हमलावर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपनी मां, बहन और भांजे को दवाई दिलाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान प्रीतपुर गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया और तमंचे से फायर करने का प्रयास किया।
फायरिंग की कोशिश और शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख हमलावर घबरा गए और जल्दबाजी में मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपना एक मोबाइल फोन, एक बाइक और एक तमंचा घटनास्थल पर ही छोड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से बरामद मोबाइल, बाइक और तमंचे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
महक सिंह, पीड़ित
बबली, पीड़ित की माँ
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post