
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं ने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करना और सूची को अधिक सटीक बनाना है।
अनुकृति गुसाईं ने कहा कि विपक्ष का आरोप है कि SIR के दौरान मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जा रहे हैं, जबकि मतदाता सूची में दो जगह नाम दर्ज होने, संबंधित व्यक्ति की मृत्यु हो जाने या नाम में गड़बड़ी जैसी स्थितियों को दुरुस्त करने के लिए पुनरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूट गया है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया में सुधार के लिए की जा रही कार्रवाई को लेकर विपक्ष बेवजह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
गौरतलब है कि SIR को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदर्शन भी हो रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा की जानी चाहिए।
अनुकृति गुसाई, प्रवक्ता भाजपा
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post