ऋषिकेश में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के दौरान प्रस्तावित पेड़ कटान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा रोक लगाए जाने के बाद इसे लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष का दावा है कि यह फैसला राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के बाद लिया गया, जबकि भाजपा ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसी राजनीतिक दबाव या राहुल गांधी के दौरे के बाद यह निर्णय नहीं लिया, बल्कि वे पहले भी जनहित और पर्यावरण से जुड़े मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली हमेशा संवेदनशील और निर्णयात्मक रही है। जहां भी जनता की भावनाओं और पर्यावरण संरक्षण का विषय सामने आया है, वहां सरकार ने समय पर उचित कदम उठाए हैं।
कुंदन परिहार ने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार देते हुए कहा कि भाजपा सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राज्यभर में 6 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों सरकार की प्राथमिकता हैं तथा सरकार दोनों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। भाजपा का कहना है कि प्रदेश में सड़क, पर्यटन और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के साथ-साथ हरित विकास को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश में सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित पेड़ कटान को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
कुंदन परिहार प्रदेश महामंत्री भाजपा
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post