प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को आगे बढ़ा रहा है। साथ ही आयोग की ओर से राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस संबंध में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि उत्तराखंड में पार्टी के कुल 11,733 बूथ हैं, जिनमें से लगभग 11,600 बूथों पर बूथ समितियों का गठन पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अधिकांश बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति भी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि शेष बूथों पर भी जल्द ही समितियों का गठन और बीएलए-2 की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी। कुंदन परिहार ने कहा कि एसआईआर अभियान अभी जारी है और भारत निर्वाचन आयोग तथा राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी होने वाले सभी दिशा-निर्देशों का भाजपा पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करेगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार
वहीं, मध्य पूर्व में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालातों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक व्यवस्था में कोई भी देश पूरी तरह आत्मनिर्भर नहीं है और सभी राष्ट्र किसी न किसी रूप में एक-दूसरे पर निर्भर हैं।
उन्होंने कहा कि युद्ध और संघर्ष की स्थिति में वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होती है, जिसका असर आम लोगों तक पहुंचता है। नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शांति स्थापना और समुद्री मार्गों में निर्बाध आवाजाही की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
सांसद ने उम्मीद जताई कि विश्व की प्रमुख शक्तियां मौजूदा तनाव को कम करने के लिए प्रयासरत हैं और निकट भविष्य में स्थिति सामान्य होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति और स्थिरता ही सभी देशों और उनकी अर्थव्यवस्थाओं के हित में है।
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल
Reported By: Praveen Bhardwaj












Discussion about this post