भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा मंगलवार को चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना और रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कैंट बोर्ड चकराता के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिपु दमन सिंह, कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अनिल चांदना तथा खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा नागरिकों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, नए रोजगार के अवसर सृजित करने और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के तहत जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों के बीच ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने आकर्षक और प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास विभाग, खंड विकास विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सूचना स्टॉल भी लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता अभियान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रतियोगिताएं और विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित सूचना स्टॉल के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Reported By: Arun sharma












Discussion about this post