लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून-मसूरी मार्ग का एक हिस्सा धंस जाने से सड़क यातायात प्रभावित हो गया है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है, जिसे देखते हुए परिवहन विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने का निर्णय लिया है।
आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि मार्ग के एक हिस्से के धंसने के कारण ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का संचालन फिलहाल बंद किया जा रहा है। इस संबंध में ट्रक यूनियनों और उत्तराखंड परिवहन निगम को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि सड़क की स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग का उपयोग न किया जाए।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सड़क की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
आरटीओ प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल देहरादून-मसूरी मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही ट्रांसपोर्ट संगठनों को भी निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने तक इस मार्ग पर बसों और भारी ट्रकों का संचालन बंद रखा जाए।
प्रशासन का कहना है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरा होने के बाद ही मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से बहाल किया जाएगा। तब तक लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
संदीप सैनी आरटीओ देहरादून
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post