
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम प्रधान के पति ने कथित तौर पर अपने ही सगे भाई को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगने से घायल भाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाजुहेड़ी निवासी किशोर सैनी, जो ग्राम प्रधान के पति हैं, और उनके भाई राजेश सैनी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आए किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर भाई राजेश सैनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही करीब 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिरान कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए भगवानपुर के क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट, धनौरी चौकी प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
घटना के बाद आरोपी किशोर सैनी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि घायल की हालत पर नजर रखी जा रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद बाजुहेड़ी गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post