
नई दिल्ली में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने जे.पी. नड्डा से शिष्टाचार भेंट कर चार धाम यात्रा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। गुजरात दौरे से लौटते समय हुई इस मुलाकात में तीर्थयात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की तैयारियों से अवगत कराया गया।
डाॅ. रावत ने बताया कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयाँ स्थापित की जा चुकी हैं, जिनका शुभारंभ इसी यात्रा सीजन में होगा। यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, चिकित्सकों का विशेष पूल, 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं कार्डिक एम्बुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था की जा रही है। आपात स्थिति में एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर और देहरादून की सेवाएं भी ली जाएंगी।
इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन हेतु अतिरिक्त बजट की मांग भी की गई, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। डाॅ. रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को आगामी चार धाम यात्रा में आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
Reported By: Arun Sharma













Discussion about this post