सामुदायिक पुस्तकालय की पहल पर विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और मारथौमा मिशन स्कूल में कैरियर काउंसलिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की योजनाओं और लक्ष्यों को साझा किया। कई छात्रों ने अपनी रुचियों और सपनों के बारे में उत्साहपूर्वक जानकारी दी।
विद्या मंदिर के नया बस्ती की दिव्यांशी ने बताया कि उसका सपना अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनने का है और इसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही है। कुलथम की तनुजा ने आर्टिस्ट-मेकअप के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा जताई। कव्वाधार के अंकित जेष्ठा ने कहा कि वह एस.एस.सी. क्वालीफाई करना चाहता है। सेविला की दीया द्विवेदी ने डॉक्टर बनकर सेवा करने की योजना साझा की।
मारथौमा मिशन स्कूल की जलथ की दिया रावत ने आईपीएस बनने की इच्छा व्यक्त की, जबकि दरांती की अर्पिता कोरंगा आर्मी अफसर बनने का सपना देखती हैं। दरकोट के लक्ष्य मर्तोलिया वैज्ञानिक बनकर अनुसंधान करना चाहते हैं। वहीं, जलथ के शिवा रावत ने व्यवसायिक सफलता हासिल कर राजनीति में कदम रखने की योजना बताई।
सामुदायिक पुस्तकालय के संचालक और संस्था सोसायटी फॉर एक्शन इन हिमालया के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि चयनित विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी और यह कैरियर काउंसलिंग निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि दरकोट में भी एक सामुदायिक पुस्तकालय स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है।
विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य कमल सिंह महरा और मिशन स्कूल के प्रधानाचार्य सत्यवान सिंह जंगपांगी ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन और सही मार्गदर्शन पर ध्यान देने वाला यह अभियान विद्यार्थियों के भविष्य के लिए दूरगामी महत्व रखता है।
इस अवसर पर मिशन स्कूल के फादर सिजु माचल और शिक्षक प्रकाश कुमार भी उपस्थित रहे।
सूचना अनुसार, 10 अप्रैल को सामुदायिक पुस्तकालय नाचनी की पहल पर राजकीय इंटर कॉलेज तेजम और नाचनी में भी कैरियर काउंसलिंग कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है।
Reported By: Arun Sharma












Discussion about this post