
देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में घर से गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा चोरी करने की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार जमनपुर निवासी शशी पठानिया की शिकायत पर थाना सेलाकुई में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनके घर से गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा चोरी हो गया है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी जब्बार (42 वर्ष), निवासी जमनपुर, सेलाकुई को इंटास कंपनी के पास डिक्सन ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर और इंडक्शन चूल्हा बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना सेलाकुई का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, चोरी तथा आर्म्स एक्ट समेत लगभग एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली टीम की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Reported By: Shiv Narayan














Discussion about this post