
समान काम के लिए समान वेतन, सालभर रोजगार और महंगाई भत्ते की मांग को लेकर चंपावत में पीआरडी जवानों ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिलेभर के पीआरडी जवानों ने कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालय स्थित अधिसूचित धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। जवानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी कुंभ मेला और चारधाम यात्रा की ड्यूटी का भी बहिष्कार किया जाएगा।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले जिले के सभी पीआरडी जवान जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने समान कार्य के लिए समान वेतन, 365 दिन नियमित रोजगार और महंगाई भत्ता देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जवानों ने एक दिन का कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया।
पीआरडी संगठन के संरक्षक रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि चंपावत जिले में 280 पुरुष और 49 महिला पीआरडी जवान कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सभी जवान अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित रोजगार और समान कार्य के अनुरूप वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
प्रदर्शनकारी जवानों का कहना है कि उन्हें सालभर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही समान काम के लिए समान वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से लंबे समय से चली आ रही मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।
जवानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत आगामी कुंभ मेला और चारधाम यात्रा के दौरान ड्यूटी का बहिष्कार भी किया जा सकता है।
रमेश जोशी, संरक्षक, पीआरडी संगठन
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post