
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना जन्मदिन इस बार दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया। मुख्यमंत्री देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ काफी समय बिताया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर दिव्यांग बच्चे भी उत्साहित नजर आए। सीएम धामी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को केवल सहानुभूति की नहीं, बल्कि अवसर और सहयोग की जरूरत है, ताकि वे अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में बच्चों को शिक्षा और विभिन्न प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उचित अवसर और मंच मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी किसी से पीछे नहीं हैं और समाज की मुख्यधारा में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
सीएम धामी ने बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने को अपने लिए विशेष अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी उनके जन्मदिन का सबसे खास उपहार है। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बच्चों की खुशी और उत्साह देखते ही बना।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
Reported By: Praveen Bhardwaj













Discussion about this post