
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के विकास कार्यों और राज्य की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार इस गीत में प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य की संभावनाओं को गीत-संगीत और दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
गीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के साथ स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। ‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति को भी रचनात्मक अंदाज में दिखाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को मंच और प्रोत्साहन देने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
Reported By: Praveen Bhardwaj














Discussion about this post