हरिद्वार के रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेसजनों ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर कड़ा विरोध जताया। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और नगर अध्यक्ष एड. राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर वोट चोरी की है। उन्होंने कहा कि मृतकों और विपक्षी विचारधारा वाले लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जबकि भाजपा समर्थकों के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज किए गए। कांग्रेस नेताओं ने यहां तक आरोप लगाया कि कई जगहों पर फर्जी वोटर बनाए गए और चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध नजर आई।
नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार न केवल केंद्र बल्कि उत्तराखंड में भी निरंकुश होती जा रही है। उन्होंने जिला पंचायत चुनावों में विपक्षी नेताओं के साथ हाथापाई और अगवा जैसी घटनाओं को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। विधानसभा गैरसैंण में विपक्ष द्वारा आपदा प्रबंधन और पंचायत चुनाव में हुई घटनाओं पर चर्चा की मांग को सरकार व स्पीकर द्वारा नकारे जाने को कांग्रेस ने अलोकतांत्रिक बताया।
पार्षद देवेंद्र प्रजापति और अभिनव मलिक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने और वोटर लिस्ट की पूरी तरह से जांच कर धांधली रोकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार से किसी भी निष्पक्षता की उम्मीद करना व्यर्थ है, इसलिए कांग्रेस को खुद ही जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहना होगा।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post