देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की सफलता के बाद रविवार को उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने धन्यवाद प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम में शामिल हुए छात्रों और युवाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद प्रदेशभर से हजारों युवाओं की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि युवा अपने भविष्य और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी आवाज उठाना चाहते हैं।
कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम के दौरान नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे गंभीर विषयों पर छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता का पूरा श्रेय उन हजारों युवाओं को जाता है, जिन्होंने विपरीत मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए कई तरह की बाधाएं खड़ी की गईं। हालांकि, उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्साह और भारी जनसहभागिता के चलते कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा और इससे भाजपा सरकार को युवाओं के असंतोष का स्पष्ट संदेश मिला।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी आगे भी युवाओं, छात्रों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उनका कहना था कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य, रोजगार और शिक्षा से जुड़े सवालों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और उनकी आवाज को हर मंच तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
Reported By: Shiv Narayan












Discussion about this post