
पेस्टल वीड कॉलेज ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (PWCIT), देहरादून में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विविधता को समर्पित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्साह और उमंग से भरे इस समारोह में छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, नाटक और पारंपरिक परिधानों की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति के विभिन्न रंगों को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में देहरादून की विधायक सविता कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय (SDSUV) के कुलपति प्रो. अमरीश कुमार महाजन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार दिनेश चंद्र, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) शम्मी सबरवाल, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य अनिल मेहरा, श्रीमती सबरवाल, किरण कश्यप, राशि कश्यप, कॉलेज के चेयरमैन डॉ. प्रेम कश्यप, प्रधानाचार्या डॉ. अनीता वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, पूर्व छात्र, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने कॉलेज की पत्रिका ‘सृजन’ का विमोचन किया। मुख्य अतिथि विधायक सविता कपूर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित किया। वहीं, कुलपति प्रो. अमरीश कुमार महाजन ने अपने विचार साझा करते हुए छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. प्रेम कश्यप ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने कुमाऊंनी लोकनृत्य ‘डीडीहाट की जमुना छोरी’, जौनसारी नृत्य ‘बूढ़ी दिवाली’ और गढ़वाली नृत्य ‘रैबार’ के माध्यम से उत्तराखंड की विविध लोक परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। इसके अलावा, प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक परंपरा के महत्व से परिचित कराया।
वहीं, पंजाबी लोकनृत्य ‘चल मेले नू चलिये’ ने समारोह में सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे। कार्यक्रम में सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक और पारंपरिक परिधानों का आकर्षक प्रदर्शन (अटायर शो) भी विशेष आकर्षण रहे।
समारोह की विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस आयोजन ने जहां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया, वहीं सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं के संरक्षण का महत्व भी रेखांकित किया।
Reported By: Arun Sharma














Discussion about this post